मानसरोवर इलाके में शनिवार को दिनदहाड़े आईसीआईसीआई बैंक के बाहर सिक्यूरिटी गार्ड पर गोलियां चलाकर साढ़े 31 लाख रूपए लूटने की वारदात में एक और नया खुलासा हुआ है। वारदात के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई तब सामने आया कि पैदल भाग रहे एक बदमाश ने रास्ते ही कपड़े बदले। उसने टीशर्ट पर सफेद रंग का शर्ट पहन रखा था। तेजी से चलते चलते उसने सड़क किनारे एक खाली भूखंड में इस शर्ट को उतारकर फेंक दिया। इसके बाद लुटेरे ने बैग में से टोपी निकालकर सिर पर पहनी और फिर इत्मीनान से सड़क पार की। उसने सड़क के दूसरी तरफ खड़े एक ऑटोरिक्शा चालक से बातचीत की। फिर उसमें बैठकर फरार हो गया।
इस पूरी वारदात के तरीके को देखकर जयपुर पुलिस का मानना है कि किसी प्रोफेशनल गैंग ने लूट व फायरिंग को अंजाम दिया है। बदमाश किसी दूसरे शहर या राज्य के हो सकते है। साथ ही पुलिस का अंदेशा है कि गैंग में कोई स्थानीय व्यक्ति शामिल है। जिसको केश वेन के बारे में जानकारी थी। इसी व्यक्ति की मदद से कई दिनों रैकी करने के बाद गैंग ने शातिराना तरीके से दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाश बिल्कुल बेखौफ नजर आ रहे थे। वे इतने शातिर थे कि वे टीशर्ट के ऊपर शर्ट पहन कर आए थे, ताकि पुलिस को गच्चा दे सकें।
.साढ़े 3 किलोमीटर दूर सड़क पर कार को लावारिस छोड़कर बाइक से भागे
रुपयों से भरा बक्सा लूटने के बाद लुटेरों ने घटनास्थल से करीब साढ़े 3 किलोमीटर दूर मुहाना इलाके में एक अपार्टमेंट के बाहर अपनी कार को लावारिस हालत में छोड़ दिया। इस बीच बक्सों में भरे रुपयों को दो तीन बैगों में भर लिया। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार दो बदमाशों ने कार को सड़क पर छोड़ दिया। इसके बाद वे कार से उतरकर बाहर आए। इनमें एक बदमाश के हाथ में लाल रंग का बड़ा बैग था। फिर वे दोनों लुटेरे एक मोटरसाइकिल लेकर फरार हुए। तब उन्होंने पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था।
बदमाश जानते थे कि कार से नाकाबंदी में पकड़े जाएंगे, इसलिए लावारिस छोड़ गए
पुलिस का अंदेशा है कि संभवतया लूट की टाइमिंग सेट करने के बाद बदमाशों ने योजना के मुताबिक टैक्सी और बाइक की व्यवस्था पहले से तैयार रखी थी। क्योंकि अचानक उनके पास दो हेलमेट होना। बाइक होना। यह सब एनवक्त पर होना संभव नहीं है। वे अच्छे से जानते थे कार से भागते वक्त वे नाकाबंदी में पकड़े जाएंगे। उन्होंने वारदात में भी चोरी की कार का इस्तेमाल किया और उसे छोड़कर भागे। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अजयपाल लांबा का दावा है कि पुलिस को टैक्सी चालक के आधार पर अहम सुराग मिले है। जल्द ही, बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
एक बदमाश पैदल चला, शर्ट उतारकर फेंकी और टैक्सी में बैठकर भागा
वहीं, सीसीटीवी फुटेज में नजर आया एक अन्य लुटेरा कार से उतरने के बाद पैदल चला। उसने रास्ते में अपनी शर्ट उतारकर एक खाली भूखंड में फेंक दी। फिर उसने सिर पर टोपी पहनी। इसके बाद सड़क क्रास की और दूसरी साइड पहले खड़े एक एक ऑटोरिक्शा में बैठकर फरार हो गया।
कल दोपहर 2 बजे रीको एरिया में दिनदहाड़े हुई थी वारदात
गौरतलब है कि एक निजी सिक्यूरिटी की केश वेन मानसरोवर के रीको एरिया में आईसीआईसीआई बैंक से केश भरकर अन्य बैंक में जा रही थी। ज्योंही सिक्यूरिटी गार्ड कमल सिंह व दूसरा कर्मचारी भीम सिंह ये बक्से लेकर वेन के समीप आए। नजदीक एक कार में मौजूद बदमाशों ने दो तीन राउंड फायरिंग कर दी। इसमें कमल सिंह के गोली लगी। जबकि भीम सिंह के पैरों पर गाड़ी चढ़ाकर बदमाश साढ़े 31 लाख रूपए लूटकर भाग निकले। वारदात के बाद साढ़े 3 किलोमीटर दूर कार को लावारिस छोड़ा और फिर ऑटोरिक्शा व बाइक से भाग निकले।







Post a Comment