एक नव विवाहिता की दहेज हत्या के मामले में शेरगढ़ थाना पुलिस ने मृतका की सास को भी गिरफ्तार कर लिया है। वृत्ताधिकारी पुलिस राजूराम चौधरी ने बताया कि दहेज हत्या के मामले में केतु हामा निवासी 57 वर्षीय सुआ देवी पत्नी बाबूराम मेघवाल को भी गिरफ्तार करके गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाने के आदेश दिए गए हैं। उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट आने के बाद जेल भिजवाया जाएगा।

आरोपी महिला ने मृतका को जहर खाने के लिए उकसाया था कि यदि मर जाएगी तो दूसरी लेकर आ जाएंगे। इससे पूर्व मृतका के पति केवलराम मेघवाल को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। गौरतलब है कि रामनगर निवासी बाबूलाल पुत्र उम्मेदाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी पुत्री संगीता का विवाह करीब 8 माह पूर्व केतु निवासी केवलराम पुत्र बाबूराम मेघवाल के साथ किया था। शादी के पश्चात उनका पति केवलराम, देवर सुखाराम व नैनाराम, सास सुआ देवी दहेज कम देने को लेकर उसे तंग व परेशान मारपीट करते थे।

10 सितंबर की रात्रि करीब 9 बजे उनके घर पर पत्नी को फोन कर बताया कि उनके पति इन सभी ने उनकी रखड़ी व मंगलसूत्र बेच दिए हैं। फिर उनका फोन बंद हो गया। 11 सितंबर को दिन में करीब 1 बजे उनकी पत्नी के पास पुत्री के देवर नैनाराम का फोन आया कि आपकी पुत्री ने जहर खा लिया है। वह मथुरादास माथुर अस्पताल जोधपुर में भर्ती है। उसी दिन शाम को 4 बजे हॉस्पिटल गए। पुत्री 2 दिन हॉस्पिटल में भर्ती रही। 14 सितंबर को रात्रि करीब 1 बजे उसकी मृत्यु हो गई।

Post a Comment

Previous Post Next Post