दिल्ली से अमेरिका जा रहे एयर इंडिया के प्लेन में चमगादड़ दिखने पर उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI-105 ने शुक्रवार तड़के 2.20 बजे दिल्ली से अमेरिका के नवार्क (न्यूजर्सी) के लिए उड़ान भरी थी। टेक ऑफ के करीब 30 मिनट बाद पैसेंजर एरिया यानी केबिन में चमगादड़ दिखाई दिया। इसके बाद प्लेन को वापस दिल्ली लाया गया, जहां सुबह करीब 3.55 बजे प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इसके बाद वन विभाग के अमले ने उसमें से मरा हुआ चमगादड़ निकाला।
एयर इंडिया का बोइंग 777-ER प्लेन दिल्ली से नवार्क के बीच फ्लाइट सर्विस के लिए इस्तेमाल किया जाता है। एयर इंडिया के एक अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को बताया, 'DEL-EWR AI-105 फ्लाइट के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर लोकल स्टेंडबाय इमरजेंसी घोषित की गई थी। विमान के उतरने पर क्रू ने केबिन में चमगादड़ होने की जानकारी दी।'
वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट ने निकाला चमगादड़
शुक्रवार को उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद पायलट ने एयर ट्रेफिक कंट्रोल को प्लेन में चमगादड़ होने की जानकारी दी थी। इसके बाद इमरजेंसी डिक्लेयर कर प्लेन को वापस लाने का फैसला किया गया। लैंडिंग के बाद जब एयरपोर्ट स्टाफ ने प्लेन की तलाशी ली, तो चमगादड़ कहीं नहीं मिला। इसके बाद वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट्स को बुलाया गया। उन्होंने प्लेन को फ्यूमिगेट (धुआं) किया, इसके बाद चमगादड़ मिला। हालांकि तब तक वह मर चुका था।
DGCA ने घटना की जांच के आदेश दिए
घटना की जानकारी मिलने के बाद डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने जांच के आदेश दिए हैं। एक सीनियर ऑफिसर ने बताया, ‘एयर इंडिया के B777-300ER एयरक्राफ्ट को दिल्ली-नवार्क के बीच सर्विस के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसका रजिस्ट्रेनशन नंबर VT-ALM है।’ इस मामले में ग्राउंड सर्विस स्टाफ की लापरवाही भी सामने आई है, क्योंकि विमान को हर उड़ान से पहले पूरी तरह चेक किया जाता है। सबकुछ ठीक होने पर ही इसे उड़ान के लिए क्लेयरेंस मिलता है।
B-777 ER में 344 यात्री सफर कर सकते हैं
दिल्ली से न्यूजर्सी जा रहे एयर इंडिया के प्लेन में सवार कुल यात्रियों की संख्या की जानकारी तो नहीं दी गई है, लेकिन जिस B-777 ER प्लेन को सर्विस के लिए इस्तेमाल किया जाता है, उसमें 344 यात्री सफर कर सकते हैं। ऐसे में उड़ते प्लेन में चमगादड़ की मौजूदगी से यात्रियों समेत क्रू की जान खतरे में पड़ सकती थी।
इंजीनियरिंग सर्विस ने कहा- केटरिंग व्हीकल से आने की संभावना
प्लेन में चमगादड़ मिलने की घटना पर एयर इंडिया की इंजीनियरिंग सर्विस ने शुरुआती रिपोर्ट में कहा कि इसके लिए केटरिंग के व्हीकल जिम्मेदार हो सकते हैं। इंटरनेशनल फ्लाइट्स में यात्रियों को भोजन परोसा जाता है। यह भोजन बेस किचन से बनकर आता है और इसे प्लेन में लोड किया जाता है। पहले भी इस तरह के व्हीकल में चूहे और दूसरे छोटे जीव मिल चुके हैं।

Post a Comment