अमेरिकी टेक्नोलॉजी फर्म क्वालकॉम के साथ मिलकर रिलायंस जियो ने अमेरिका में अपनी 5G टेक्नोलॉजी का सफल परीक्षण किया है। अमेरिका के सैन डिएगो में हुए एक वर्चुअल इवेंट में यह घोषणा की गई। रिलायंस जियो के प्रेसिडेंट मैथ्यू ओमान ने क्वालकॉम इवेंट में कहा कि क्वालकॉम और रिलायंस की सब्सिडियरी कंपनी रेडिसिस के साथ मिलकर हम 5G टेक्नोलॉजी पर काम कर रहे हैं, ताकि भारत में इसे जल्द लॉन्च किया जा सके। जियो के इस कदम से चीनी कंपनी हुवावे को दुनियाभर में कड़ी चुनौती मिल सकती है।

1Gbps तक की स्पीड मिलेगी
जियो और क्वालकॉम ने ऐलान किया कि उन्होंने रिलायंस जियो 5GNR सॉल्यूशंस और क्वालकॉम 5G RAN प्लेटफॉर्म पर 1Gbps से ज्यादा स्पीड हासिल कर ली है। अभी दुनियाभर में अमेरिका, साउथ कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, स्विट्जरलैंड और जर्मनी जैसे देशों के 5G ग्राहकों को 1Gbps इंटरनेट स्पीड की सुविधा मिल रही है। अब जल्द ही यह सुविधा भारत में भी मिलेगी।

कई देशों ने हुवावे पर प्रतिबंध लगाया
कोरोनावायरस के चलते बहुत से देशों ने चीनी कंपनी हुवावे प्रतिबंध लगा दिया है। हुवावे 5G तकनीक विकसित करने वाली चीनी कंपनी है। 5G टेक्नोलॉजी के सफल परीक्षण के बाद अब रिलायंस जियो दुनियाभर में चीनी कंपनी की जगह ले सकता है।

इन देशों में मिल रही 5G सर्विस
दक्षिण कोरिया, चीन और यूनाइटेड स्टेट्स में सबसे पहले 5G सर्विस की शुरुआत हुई थी। भारत में भले ही अभी 5G की टेस्टिंग शुरू होने की तैयारी हो रही हो, लेकिन ये सर्विस दुनियाभर के 68 देशों या उनकी सीमा पर शुरू हो चुकी है। इसमें श्रीलंका, ओमान, फिलीपींस, न्यूजीलैंड जैसे कई छोटे देश भी शामिल हैं।

5G सर्विस देने वाली कंपनियां
दुनियाभर में अब 5G ऑपरेटर्स की लिस्ट में दर्जनों कंपनियां शामिल हो चुकी हैं। हालांकि, सबसे पहले AT&T, केटी कॉर्पोरेशन और चाइना मोबाइल ने 5G वायरलेस टेक्नोलॉजी की शुरुआत की थी। भारत में रिलायंस जियो के साथ एयरटेल ने भी 5G टेक्नोलॉजी के ऊपर काम करना शुरू कर दिया है।

5G पर इंटरनेट स्पीड कितनी मिल रही?
5G यानी 5th जनरेशन स्पीड। 5G नेटवर्क पर इंटरनेट स्पीड 4G की तुलना में कई गुना तेज हो जाती है। हाल ही में इंटरनेट स्पीड को टेस्ट करने वाली कंपनी ओपनसिग्नल ने 5G नेटवर्क से जुड़ी रिपोर्ट पेश की है। इसके मुताबिक, दुनिया में सबसे तेज 5G डाउनलोड स्पीड सऊदी अरब में है। सऊदी अरब में 5G नेटवर्क पर एवरेज डाउनलोड स्पीड 377.2 Mbps है। वहां पर 4G डाउनलोड स्पीड 30.1 Mbps है, जो 5G की तुलना में 12.5 गुना कम है। हालांकि, रिलायंस जियो ने भारत में 5G नेटवर्क पर 1Gbps स्पीड देने की बात कही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post