क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। आज यानी 22 दिसंबर से 5 जनवरी तक राज्य के नगर निगम वाले इलाकों में नाइट कर्फ्यू लगा रहेगा। इस दौरान रात में 11 बजे से सुबह 6 बजे तब बगैर किसी जरूरी काम के लोग घरों से बाहर नहीं निकल सकेंगे। राज्य सरकार ने यूरोपियन देशों से आने वाले लोगों के लिए भी नई गाइडलाइन जारी की है। ऐसे पैसेंजर्स को महाराष्ट्र आने के बाद 14 दिन तक अनिवार्य रूप से इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन में रहना होगा।
एक्टिव केस 3 लाख से कम हुए
देश में अब तक 1 करोड़ 75 हजार लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 96 लाख 91 हजार 350 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 46 हजार 134 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है। एक्टिव मरीजों की संख्या अब 3 लाख से कम हो गई है। ऐसा 163 दिन बाद हुआ है। अब 2 लाख 91 हजार 350 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इसके पहले 11 जुलाई को 2 लाख 91 हजार एक्टिव मरीज थे। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- ब्रिटेन में मिले कोरोना के नए रूप से घबराने की जरूरत नहीं
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि ब्रिटेन में मिले कोरोनावायरस के नए स्ट्रैन को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। सरकार इसके बारे में अलर्ट है। ब्रिटेन में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन VUI-202012/01 मिला है जिसे बहुत संक्रामक बताया जा रहा है। कई देशों ने ब्रिटेन जाने वाली फ्लाइट्स पहले ही बंद कर दी हैं।
वायरस का नया रूप पहले से 70% ज्यादा खतरनाक हो सकता है
वायरस में लगातार म्यूटेशन होता रहता है, यानी इसके गुण बदलते रहते हैं। म्यूटेशन होने से ज्यादातर वेरिएंट खुद ही खत्म हो जाते हैं, लेकिन कभी-कभी यह पहले से कई गुना ज्यादा मजबूत और खतरनाक हो जाता है। यह प्रोसेस इतनी तेजी से होती है कि वैज्ञानिक एक रूप को समझ भी नहीं पाते और दूसरा नया रूप सामने आ जाता है। वैज्ञानिकों को अनुमान है कि कोरोनावायरस को जो नया रूप ब्रिटेन में मिला है वह पहले से 70% ज्यादा खतरनाक हो सकता है।


Post a Comment