कानपुर के बिकरू में हुए शूटआउट के मुख्य आरोपी विकास दुबे को घटना के सात दिन के बाद गुरुवार सुबह नाटकीय ढंग से उज्जैन से गिरफ्तार कर लिया गया।
वह महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचा था। उत्तर प्रदेश समेत तीन राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पिछले सात दिनों से उसके दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद और मध्यप्रदेश में छिपने की खबरें आ रही थीं।
उधर, मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, ‘‘गैंगस्टर विकास दुबे मध्यप्रदेश पुलिस की कस्टडी में है। गिरफ्तारी कैसे हुई, इसके बारे कुछ भी कहना ठीक नहीं है। विकास के दो साथियों बिट्टू और सुरेश को भी गिरफ्तार किया गया है।’’
7 दिन में विकास दुबे गैंग के 5 बदमाशों का एनकाउंटर
- इससे पहले बुधवार देर रात विकास दुबे के एक और करीबी प्रभात मिश्रा मारा गया है। प्रभात को पुलिस ने बुधवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया था।
- यूपी पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर कानपुर ले जा रही थी। रास्ते में प्रभात ने भागने की कोशिश की, उसने पुलिस की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में प्रभात मारा गया।
- पुलिस ने बुधवार को ही विकास के करीबी अमर दुबे का भी एनकाउंटर कर दिया था। अमर हमीरपुर में छिपा था। अब तक विकास गैंग के 5 लोग एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।
