पिता और कुछ रिश्तेदार पटना से मुंबई पहुंचेंगे, शरीर में जहर की जांच के लिए विसरा रिपोर्ट का इंतजार
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का आज मुंबई में अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके पिता केके सिंह, बड़ी बहन और चचेरे भाई विधायक नीरज कुमार फ्लाइट से मुंबई जा रहे हैं। नीरज का कहना है कि परिवार पटना में अंतिम संस्कार करना चाहता था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। सुशांत की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी फांसी की बात साबित हुई है।
सुशांत का शव कुछ देर में परिवार को सौंप दिया जाएगा। उनके बहनोई ओपी सिंह ने इसके लिए पेपर पर साइन किए।
पुलिस ने परिवार से कहा- विले पारले या बांद्रा में अंतिम संस्कार किया जा सकता है। आखिरी फैसला परिवार को करना है।
सुशांत की कोराना जांच भी कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई।
सुशांत शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट कहती है कि उनकी मौत हैंगिंग यानी लटकने से हुई है। फांसी लगाने के लिए कपड़े का इस्तेमाल हुआ। शरीर पर चोट या जोर-जबर्दस्ती के निशान नहीं है। शरीर में कोई जहर या केमिकल नहीं मिला है।
देर रात दोस्त को और सुबह बहन को फोन किया था
जानकारी के अनुसार, सुशांत ने शनिवार रात 12:45 बजे अपने एक एक्टर दोस्त को कॉल किया, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। रविवार सुबह सुशांत उठे। उन्होंने करीब 9 बजे जूस पिया। इसके बाद मुंबई में ही रहने वाली अपनी बहन को फोन किया, फिर बेडरूम में चले गए।
दोपहर 12:30 बजे उनके कुक ने लंच के लिए कई बार दरवाजा खटखटाया। मोबाइल पर कॉल किया। जब कोई जवाब नहीं मिला तो उनकी बहन को फोन लगाया। बहन के आने के बाद चाबी वाले को बुलाकर बेडरूम का दरवाजा खोला गया। अंदर सुशांत की लाश लटकी मिली।
भाई ने कहा- नवंबर-दिसंबर तक शादी होने वाली थी
सुशांत के भाई नीरज ने कहा कि हाथ से फिल्म जाना आत्महत्या की वजह नहीं हो सकती है। सुशांत किसी तरह की फाइनेंशियल क्राइसिस से भी नहीं गुजर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि सुशांत की शादी नवंबर-दिसंबर में होने वाली थी।