शहर के राणी सती मंदिर के सामने लगे एटीएम काे उखाड़ कर ले जाने के मामले में एटीएम में रुपए फीड करने, उसकी सुरक्षा और देखरेख से जुड़ी कंपनी के एक कर्मचारी की भूमिका सामने आई है। उसकी मदद से ही कुछ युवकों ने इस वारदात काे अंजाम दिया।
झुंझुनूं के नजदीक गांव का रहने वाला एक युवक एटीएम की देखरेख करने वाली कंपनी एनसीआर से जुड़ा हुआ है। इस वारदात में सबसे अहम बात जो सामने आई है, वह यह है कि लुटेराें की ओर से एटीएम उखाड़ कर ले जाते समय वे इस एटीएम के शटर का लाॅक कर गए थे। यानी उनके पास शटर की चाबी थी, जिससे उन्होंने शटर खोला और वारदात के बाद फिर से लाॅक कर गए। इसी के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और बैंक व एटीएम की देखरेख करने वाली एनसीआर कंपनी के प्रतिनिधियाें से जानकारी जुटाई।
पता चला कि बैंक ने एटीएम की चाबी पिछले साल ही कंपनी के प्रतिनिधियाें काे सौंपी थी। एटीएम उखाड़ कर स्काॅर्पियाे से भागे बदमाशाें की तलाश में काेतवाली पुलिस हरियाणा में संभावित ठिकानाें पर दबिश दे रही है। लुटेरे अपने माेबाइल पिलानी के पास स्वीच ऑफ करके फेंक गए थे। पुलिस काे बदमाशाें के बारे में पता चल गया है, लेकिन पुलिस अभी उनके नेटवर्क का पता लगा कर उनका पीछा कर रही है ताकि उन्हें पकड़ा जा सके।

Post a Comment