शहर के राणी सती राेड पर देर रात करीब पौने दो बजे एक स्कार्पियों में आए बदमाश आईडीबीआई बैंक की एटीएम मशीन को उखाड़ कर ले गए। इस मशीन में 6 लाख 48 हजार 800 रुपए रखे थे। बताया जा रहा है कि चार बदमाशों ने इस पूरी वारदात को महज 20 मिनिट में अंजाम दिया। एटीएम मशीन को तोड़ने या काटने की बजाय यह लोग पहले से ही इसे उखाड़कर ले जाने की प्लानिंग करके आए थे।

इसके लिए इन्होंने स्कार्पियों से मशीन को बांधा और खींचकर उसे उखाड़ लिया। इसके बाद उसे गाड़ी में डालकर ले गए। सवेरे सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शटर खोलकर देखा तो मशीन गायब थी। काेतवाल मदनलाल कड़वासरा और डीएसपी सिटी लाेकेंद्र दादरवाल माैके पर पहुंचे। पुलिस ने डाॅग स्कवाॅयड व एफएसएल टीम भी बुलाई। प्रारंभिक तौर बताया जा रहा है कि गैंग के तार हरियाणा से जुड़े हो सकते हैं।

वारदात के 20 मिनट: पीछे की सीट हटा रखी थी, वहीं रखी मशीन

  • बदमाश रात एक बजकर 25 मिनट पर स्कार्पियों से अहिंसा सर्किल की ओर से एटीएम पर पहुंचते हैं। इसमें चार युवक थे। तीन युवक एटीएम के पास नीचे उतरते है।
  • ड्राइवर सीट पर बैठा युवक गाड़ी में ही रहता है। अन्य बदमाश गाड़ी से रस्सा निकालते हैं। रस्से का एक सिरा मशीन के बांधते हैं और दूसरा स्कार्पियों से।
  • गाड़ी को तेज स्पीड से चलाया जाता है और इससे एटीएम मशीन उखड़ जाती है। जिसे ये लोग गाड़ी के पीछे डालकर 1 बजकर 45 मिनट पर फरार हो जाते हैं।

बेखौफ घूमे 2 घंटे: शहर में आधा दर्जन एटीएम की रेकी की

बदमाश रात 12 बजकर 11 मिनट पर शहर के अहिंसा सर्किल पहुंचें। यहां से ये स्काॅर्पियाे में माेतीलाल काॅलेज की चार दीवारी में लगे एटीएम समेत शहर के राेड नंबर एक व प्रमुख स्थानाें पर लगे एटीएम की रैकी की। 12 बजकर 15 मिनट पर ये लोग गांधी चाैक पहुंचे। चलती गाड़ी में ही इन्होंने बैंक ऑफ बड़ाैदा के एटीएम को देखा। यहां से कमल हाइट्स के पास से शाहाें के कुएं के पास लगे एटीएम काे देखा। यहां से शार्दुल मार्केट, राेड नंबर एक हाेते हुए मंडावा माेड़ तक लगे अलग अलग एटीएम काे चलती कार में ही देखा।

शातिर बदमाश, कमजोर गश्त : बदमाशों ने सायरन के तार काटे, कैमरों पर स्प्रे किया, लेकिन साढ़े तीन किमी में पुलिस ही नहीं थी

  • बदमाशों ने एटीएम में घुसते ही इसके सायरन के तार काट दिए। इसके बाद यहां लगे सभी सीसीटीवी कैमरों पर स्प्रे कर दिया। वे पूरी प्लानिंग के साथ आए और तुरंत ही एटीएम को उखाड़कर फरार हो गए। खास बात ये है कि एटीएम पर कोई गार्ड नहीं लगा है।
  • बदमाश मंडावा माेड़ से लेकर राेड नंबर एक, गांधी चाैक, राणी सती राेड, अहिंसा सर्किल, पीपली चाैक, चूरू बाईपास से गुजरे, लेकिन कहीं गश्त नहीं मिली। जबकि दाे एएसआई जीप में तथा तीन माेटर साइकिल समेत पांच वाहनाें पर पुलिस गश्त पर थी।

हाउसिंग बाेर्ड में घुसे और फिर फरार हो गए

वारदात के बाद बदमाश अहिंसा सर्किल से पीपली चाैक, सगीरा सर्किल, चूरू बाईपास हाेकर अंबेडकर भवन की ओर पहुंचे, लेकिन अंबेडकर भवन से पहले ही ये लोग हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में घूस गए। इसके अंदरूनी रास्तों से होते हुए ये संभवत वापस मंडावा रोड पर आकर फरार हो गए।

हरियाणा से जुड़े हो सकते हैं गैंग के तार
जाते समय बदमाश एटीएम का शटर डाउन कर मास्टर की से लॉक लगाकर चले गए ताकि किसी को पता ना चले। सवेरे जब यहां कुछ लोग रुपए निकासी के लिए आए तो एटीएम बंद देखकर इसकी मेंटीनेंस करने वाली कंपनी एनसीआर को फोन किया। कंपनी के प्रतिनिधि मनाेज ने वहां जाकर देखा ताे एटीएम का शटर बंद था। इसकी सूचना आईडीबीआई के अधिकारियाें काे दी। सूचना पर आईडीबीआई बैंक मैनेजर मनीष पालीवाल वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पिछले 11 महीने में एटीएम पर 6 वारदातें, सफलता दो में ही मिली

  • इसी साल 12 जून की रात पिलानी के नूतन मार्केट में एटीएम काटने का प्रयास। लेकिन असफल रहे।
  • 11 जून को झुंझुनूं के मंडावा माेड़ स्थित एटीएम काे उखाड़ने का प्रयास, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
  • पिछले साल तीन नवंबर की रात उदयपुरवाटी में एटीएम काे काटने का प्रयास, लेकिन सफलता नहीं मिली।
  • पिछले साल 3 दिसंबर की रात काे पिलानी में पंचवटी के पास एटीएम काे उखाड़ने का प्रयास, लेकिन सफलता नहीं मिली।
  • 4 नवंबर 2019 की रात काे खेतड़ी नगर में बालाजी मंदिर के सामने स्थित टाटा इंडिकैश के एटीएम काे गैस कट्टर से काटकर 5 लाख 71 हजार 500 रुपए लूटे गए।

जिले में अब तक की सबसे बड़ी एटीएम लूट

15 जनवरी 2015 काे बुहाना के कुहाड़वास में एसबीबीजे की ब्रांच में लगे एटीएम काे उखाड़कर 33 लाख 57 हजार 800 रुपए लूटे गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post